अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर व्यवहार न्यायालय जमुई के न्याय सदन प्रशाल में योग शिविर का आयोजन
जमुई : बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जमुई में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर व्यवहार न्यायालय स्थित न्याय सदन के प्रशाल में जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आयोजित किया गया।
शिविर का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार सिंह ने अग्नि प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यदि हम हर दिन एक घंटे योग करें, तो कई असाध्य रोगों से भी छुटकारा मिल सकता है। उन्होंने स्वस्थ शरीर और मन के लिए स्वच्छ आहार के साथ योग अपनाने का संदेश दिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राकेश रंजन ने कहा कि योग केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत चित्रण है। उन्होंने योग के विभिन्न आसनों की जानकारी दी और इसे जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
शिविर के शुभारंभ सत्र को कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश विकास कुमार, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्यनारायण शिवहरे, कमला प्रसाद और पवन कुमार समेत अन्य न्यायिक पदाधिकारियों ने संबोधित किया और योग की महत्ता पर प्रकाश डाला।
योग शिविर के दूसरे भाग में प्रसिद्ध योगाचार्य एवं ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने एंकल रोटेशन, नी रोटेशन, ताड़ासन, कटिचक्रासन, सूर्य नमस्कार, कपालभाति और अनुलोम-विलोम जैसे योगाभ्यास कराए। उन्होंने योगाभ्यास का शुभारंभ शांति पाठ से किया, जिसे सभी प्रतिभागियों ने दोहराया।
इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारी रत्नेश्वर कुमार सिंह, महेश्वर दुबे, श्री सत्यम, अनुभव रंजन, भाविका सिन्हा, नाजिया खान, मृणाल आर्यन, अनिमेष रंजन, एहसान राशिद, ऑक्सफोर्ड स्कूल के प्राचार्य ऋतुराज सिन्हा, समाजसेवी राजीव कुमार उर्फ अप्पू जी सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया और योग को स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए आवश्यक बताया। शिविर उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा के वातावरण में संपन्न हुआ।
No comments:
Post a Comment