जमुई के 10 स्कूल बने 'सरस्वती विद्या निकेतन' आदर्श विद्यालय, शिक्षा के नए युग की शुरुआत - City Channel

Breaking

Sunday, July 19, 2026

जमुई के 10 स्कूल बने 'सरस्वती विद्या निकेतन' आदर्श विद्यालय, शिक्षा के नए युग की शुरुआत

जमुई के 10 स्कूल बने 'सरस्वती विद्या निकेतन' आदर्श विद्यालय, शिक्षा के नए युग की शुरुआत

▪️मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 551 मॉडल स्कूलों का किया वर्चुअल शुभारंभ, सतायन में जिला स्तरीय समारोह; स्मार्ट क्लासरूम का उद्घाटन और वृक्षारोपण भी हुआ।

सिटी संवाददाता : प्रोफेसर रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

 जमुई :"विकसित भारत–समृद्ध बिहार" विजन के तहत शिक्षा के क्षेत्र में रविवार को एक ऐतिहासिक पहल हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेगूसराय से वर्चुअल माध्यम से राज्य के 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का शुभारंभ किया। इसी क्रम में जमुई जिले के 10 उच्च माध्यमिक विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडल स्कूल के रूप में नई पहचान मिली।

इस अवसर पर जमुई प्रखंड के सरस्वती विद्या निकेतन (पूर्व +2 जनता उच्च विद्यालय, सतायन) में जिला स्तरीय उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा केशरी, लोजपा जिलाध्यक्ष जीवन जी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान अपर समाहर्ता ने नवस्थापित स्मार्ट क्लासरूम का उद्घाटन किया तथा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर विद्यार्थियों को "एक पौधा माँ के नाम" अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।

अपने संबोधन में अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा ने कहा कि ये आदर्श विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देंगे और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराएंगे। वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट क्लासरूम और नियमित मूल्यांकन के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी जाएगी।

कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अब जमुई के सभी प्रखंडों में प्राथमिक शिक्षा से लेकर स्नातक स्तर तक की व्यवस्था उपलब्ध हो गई है, जिससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

जिले के जिन विद्यालयों को सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का दर्जा मिला है, उनमें सतायन (जमुई), ताजपुर (अलीगंज), सिकन्दरा, बेला (लक्ष्मीपुर), लथलथ (बरहट), गिद्धौर, सोनो, चकाई, बड़ाबांध (खैरा) और झाझा के विद्यालय शामिल हैं।

इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाएं, ई-लाइब्रेरी, खेल सुविधाएं, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, साप्ताहिक मूल्यांकन, करियर काउंसलिंग, रिमेडियल क्लास और प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रारंभिक तैयारी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।

No comments:

Post a Comment

Pages