झाझा का डीएसएम कॉलेज जल्द पायेगा नया भवन
🔹पीएम उषा योजना से 5 करोड़ की स्वीकृति, भूमिपूजन कर कार्य का हुआ शुभारंभ।
झाझा, जमुई/बिहार : लंबे इंतज़ार के बाद डीएसएम कॉलेज झाझा को आखिरकार नया भवन मिलने जा रहा है। शुक्रवार को अलकजरा गांव के समीप गोबरो स्थित 14.41 डिसमिल जमीन पर भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हुई। कॉलेज प्राचार्य डॉ. अजफर शमसी ने हिंदू रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
प्राचार्य डॉ. शमसी ने कहा कि मौजूदा भवन काफी जर्जर स्थिति में है, जिससे पढ़ाई-लिखाई प्रभावित हो रही थी। अब प्रधानमंत्री उषा योजना के तहत कॉलेज को नया भवन निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। आधुनिक भवन तैयार होने के बाद छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
डीएसएम कॉलेज की स्थापना वर्ष 1965 में महात्मा गांधी स्मारक महाविद्यालय परिसर में नाइट कॉलेज के रूप में हुई थी। 1982 में इसके सरकारीकरण के बाद तत्कालीन सांसद स्व. धनराज सिंह की पहल पर मौजूदा भवन का निर्माण किया गया था। लेकिन अब समय के साथ यह भवन जर्जर हो चुका है।
समारोह में जुटे शिक्षक-कर्मचारी
भूमिपूजन समारोह में प्रो. राकेश पासवान, प्रो. ईश्वर पासवान, प्रो. रूबी सिंह, डॉ. इना बहन, डॉ. खुशबू सिंह, प्रधान सहायक संजय कुमार चौधरी समेत कई शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नए भवन निर्माण को शिक्षा जगत के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

No comments:
Post a Comment